अल्ट्रासाउंड सेंटर पर प्रशासनिक अफसरों का छापा
बुलंदशहर। नगर के जिला अस्पताल मार्ग स्थित एक अल्ट्रासाउंउ सेंटर पर बुधवार को प्रशासनिक अफसरों ने स्वास्थ्य अफसरों के साथ मिलकर छापा मारा। इससे सेंटर पर हड़कंप मच गया। प्रशासनिक अफसरों ने एक मरीज द्वारा की गई शासन स्तर पर शिकायत की जांच गंभीरता से लते हुए यह कार्रवाई की। लापरवाही सामने आने पर सेंटर संचालक को नोटिस जारी कर किया गया।
नगर में स्वास्थ्य अफसरों की साठगांठ से खुलेआम संचालित हो रहे अल्ट्रासाउंड सेंटर मरीजों को भ्रामक रिपोर्ट देकर उनके स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहे हैं। इसका खुलासा बुधवार को नगर मजिस्ट्रेट विवेक कुमार मिश्र द्वारा जिला अस्पताल के पास स्थित एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर छापा मारने के दौरान हुई। बताया कि यह यह सेंटर स्वास्थ्य अफसरों की नाक के नीचे काफी समय से संचालित हो रहा है। वहीं, इस मामले में जानकारी देने से स्वास्थ्य विभाग के अफसर बचते नजर आए। नगर मजिस्ट्रेट विवेक कुमार मिश्र ने बताया कि एक मरीज द्वारा अल्ट्रासाउंड सेंटर द्वारा गलत रिपोर्ट देने की शिकायत की गई है। जिसकी जांच के लिए स्वास्थ्य अफसरों के साथ बुधवार को यह कार्रवाई की गई। जांच के दौरान अल्ट्रासाउंड सेंटर पर अनियमितता पाई गई है। साथ ही सेंटर से कुछ दस्तावेज जब्त किए गए हैं। बताया कि मरीज की शिकायत के आधार पर सेंटर संचालक को नोटिस जारी कर दिया गया है। साथ ही उन्होंने जिले के सभी अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालकों को चेतावनी दी कि यदि किसी सेंटर द्वारा मरीज को गलत रिपोर्ट दी जाती है, तो भविष्य में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।