मासूम भाइयों की मौत के बीस दिन बाद लगाया हत्या का आरोप
खुर्जा। बेहोश होने के बाद उपचार के दौरान दो मासूम भाइयों की मौत के बीस दिन बाद परिजनों ने कुछ खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि 27 दिसंबर को खुर्जा देहात क्षेत्र के मामनखुर्द निवासी असलम के दो बेटे सात वर्षीय आजम और चार वर्षीय अरशद और गांव की ही एक बच्ची खेलते खेलते बेहोश हो गए थे। बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान आजम और अरशद की मौत हो गई। मामले में मृतक बच्चों के परिजनों ने अब आरोप लगाया कि उनके बच्चों को कुछ जहरीला पदार्थ खिलाया गया था। जिसके चलते उनकी मौत हो गई। मामले में पीड़ित पिता असलम ने तहरीर देते हुए थाने में जांच की मांग की है। एसओ खुर्जा देहात ज्ञान सिंह ने बताया कि बेहोश होने के बाद बच्चों की मौत के बाद ग्रामीणों ने बीमारी के चलते मौत का कारण बताया था। लेकिन अब परिजनों की तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।