संदिग्ध परिस्थितियों में अधेड़ की मौत, कुत्ते नोंच रहे थे शव
डिबाई। धर्मपुर चौकी क्षेत्र के गांव उदयपुर कलां निवासी एक अधेड़ का सिर विहीन शव उसके घर में चारपाई पर पड़ा मिला। तीन दिन से वह घर से बाहर नहीं निकला था। बताया गया कि उसके शव को आवारा कुत्ते नोंच रहे थे। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
डिबाई की धर्मपुर चौकी क्षेत्र के गांव उदयपुर कलां निवासी रामरतन(50) पुत्र हुकम सिंह अपने घर पर अकेले ही रहते थे। पत्नी से उनका विवाद चल रहा था, वह कहीं बाहर रहतीं हैं। जबकि, अन्य परिजन गांव में बने दूसरे मकान में रहते थे। बताया जा रहा है कि बीते तीन दिन से रामरतन अपने घर से बाहर नहीं निकले थे। शनिवार शाम को कुछ ग्रामीणों ने घर से उठ रही बदबू व कुत्तों की आवाज सुनकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो रामरतन का सिर विहीन शव घर के आंगन में चारपाई पर पड़ा हुआ मिला। शव को कुत्ते नोंच रहे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच पड़ताल कराई। कोतवाली निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में शव दो-तीन दिन पुराना लग रहा है। मौत के कारणों का अभी पता नहीं लग सका। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों की जानकारी हो सकेगी।
----