एक साल से छेड़छाड़ कर रहे युवक ने युवती को घाेंपा चाकू
-गंभीर हालत में घायल युवती को सरकारी अस्पताल में कराया गया भर्ती
-घर पर झाडू लगा रही थी युवती, साथी के साथ पहुंचे युवक ने किया हमला
-छेड़छाड़ की शिकायत पर एक बार युवक युवती के परिजनों से मांग चुका था माफी
-पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
अमर उजाला ब्यूरो
खुर्जा। करीब एक वर्ष से छेड़छाड़ कर परेशान कर रहे एक युवक ने शनिवार को युवती पर चाकू से हमला बोल दिया। चीखपुकार सुनकर दौड़े परिजनों को देख आरोपी मौके से भाग गया। परिजन युवती को लेकर अस्पताल पहुंचे। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवती को एक युवक पिछले एक साल से परेशान कर रहा था। कई बार रास्ते में रोककर युवक ने युवती से छेड़छाड़ की। कुछ दिन पूर्व बस से उतारकर युवती से छेड़छाड़ की थी। युवक की हरकतों से परेशान युवती ने अपने परिजनों से शिकायत की थी। उसके बाद परिजनों के हस्तक्षेप पर युवक ने माफी मांग कर दुबारा ऐसी हरकत न करने की बात कही थी। शनिवार सुबह युवती अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रही थी। इस दौरान युवक अपने साथी के साथ बाइक से पहुंचा जहां छेड़छाड़ करने पर युवती ने जब विरोध किया तो युवक ने उस पर चाकू से हमला बोल दिया। युवती की चीख सुनकर परिजन और आसपास के लोग दौड़ पड़े। लोगों को आते देख आरोपी साथी के साथ भाग गया। परिजन घायल युवती को लेकर अस्पताल पहुंचे जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं परिजनों की तहरीर पर पुलिस युवक के खिलाफ कार्रवाई में जुट गई है। कोतवाली प्रभारी भानुप्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।