एक्साइज इंस्पेक्टर से पुलिसकर्मियों ने की मारपीट
कोतवाली में कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने की एसएसपी से शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
खुर्जा । नगर स्थित जेवर अड्डे पर ऑटो रिक्शा चालक के साथ हुए विवाद में पुलिस कर्मियों ने कथित रूप से एक्साइज इंस्पेक्टर से मारपीट की और धमकी भी दी। कोतवाली पुलिस से शिकायत के बाद मामले की सुनवाई न होने पर पीड़ित ने एसएसपी को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पीड़ित के मुताबिक उन्हें खुद जाकर मेडिकल परीक्षण कराना पड़ा।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला न्यू शिवपुरी निवासी ऐश्वर्य अत्री गाजियाबाद में सेंट्रल एक्साइज में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं। बुधवार देर शाम वह अपने आफिस से ड्यूटी कर खुर्जा लौट रहे थे। जेवर अड्डे चौराहे पर उनकी गाड़ी की साइड लगने से ऑटो रिक्शा वाले से विवाद हो गया। आरोप है कि ऑटो रिक्शा वाले ने अभद्रता करनी शुरू कर दी। इस दौरान दो पुलिस कर्मी वहां पहुंच गए। शिकायत के बाद पुलिस कर्मियों ने आटो रिक्शा चालक को छोड़कर एक्साइज इंस्पेक्टर से ही अभद्रता करनी शुरू कर दी। आरोप है कि विरोध करने पर पुलिस कर्मियों ने उनके साथ मारपीट भी की और धमकी दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि कोतवाली पुलिस में जब शिकायत की गई तो कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित ने सरकारी अस्पताल में जाकर अपना मेडिकल परीक्षण करवाया। पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत कर आरोपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में सीओ प्रमोद कुमार कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है।