पहले बाइक में मारी टक्कर फिर पीटा, उपचार के दौरान एक की मौत
सिकंदराबाद। कार-बाइक की भिड़ंत के बाद घायल बाइक सवारों को अस्पताल पहुुंचाने के बजाए कार सवारों ने साथियों के साथ घायलों के साथ जमकर मारपीट की। गंभीर रूप से घायल मामा- भांजे को अस्पताल ले जाते समय भांजे की रास्ते में मौत हो गई। जबकि मामा का गंभीर हालत में अस्पताल में उपचार चल रहा है।
ग्राम चमरावली रामगढ़ गौतमबुद्धनगर निवासी आकाश पुत्र रामलाल ने बताया कि उसका भाई अंकित उर्फ अमित बुधवार को ग्राम उस्मापुर थाना खुर्जा देहात निवासी मामा मनीष पुत्र चंद्रपाल के साथ बाइक से गांव से उस्मापुर जा रहा था। बताया कि दोपहर करीब 11 बजे सिकंदराबाद खुर्जा मार्ग पर ग्राम सराय दूल्हा, बोढा के बीच में सिकंदराबाद की ओर से जा रहे सेंट्रो कार सवार ने तेजी, लापरवाही से कार चलाते हुए बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। बताया कि कार सवार ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बजाए फोन पर अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। उक्त लोगों ने लोहे की रॉड, डंडों से अंकित, मनीष की जमकर पिटाई की। राहगीरों ने कार सवारों से दोनों की जान बचाई। और एंबुलेंस की मदद से दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बताया कि हालत गंभीर होने पर दोनों को चिकित्सकों ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। उपचार के लिए मेरठ ले जाते समय अंकित की रास्ते में मौत हो गई। जबकि मनीष का गंभीर हालत में मेरठ के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना स्थल पर जानकारी करने पर मालूम हुआ कि वारदात को अंजाम देने वाले ग्राम पचौता व आसपास के गांव के थे। एसआई संजीव कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो