छात्रा का सोशल मीडिया पर बनाया फर्जी अकाउंट, गिरफ्तार
- आरोपी ने इंस्टाग्राम पर अश्लील मैसेज और वीडियो अपलोड किया
अमर उजाला ब्यूरो
स्याना। इंस्टाग्राम पर एक युवक ने छात्रा का फर्जी तरीके से अकाउंट बना दिया। साथ ही आरोपी ने अश्लील मैसेज व फोटो अपलोड कर दिए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे दबोच लिया।
खानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी स्कूली छात्रा के भाई ने बीते दिनों तहरीर देकर बताया कि एक युवक ने सोशल मीडिया पर उसकी बहन का फर्जी आईडी बना ली है। आरोपी ने छात्रा का फोटो व नाम लिखकर उसकी ओर से गंदे व अश्लील मैसेज समेत वीडियो बनाकर उसे वायरल करने लगा। बताया जाता है कि स्कूली छात्रा के पास स्मार्ट फोन भी नहीं था। लेकिन, आरोपी युवक ने छात्रा के गांव समेत आसपास के क्षेत्र में मैसेज व वीडियो वायरल कर दिए। इसी दौरान स्कूली छात्रा के भाई के मोबाइल पर भी जब अश्लील फोटो व मैसेज आये तो उसने मामले की जांच की। गत नौ जनवरी को खानपुर थाने में छात्रा की ओर से आईटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कराया गया। इस मुकदमे की विवेचना निरीक्षक स्तर के अधिकारी द्वारा किये जाने के नियम स्वरूप स्याना के कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार को विवेचना दी गई। जिनके द्वारा इसकी गहनता से जांच शुरू कर की गई। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान मामला पकड़ में आया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि इस घटना की जांच में ग्राम चरौरा निवासी युवक रिजवान पुत्र अलीमुद्दीन संलिप्त पाया गया। रिजवान द्वारा छात्रा की इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर अश्लील मैसेज व वीडियोे वायरल किए गए थे। आरोपी रिजवान को शुक्रवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।