शिप्रा होटल के पास लूट के बाद मौके पर घटना की जानकारी लेते एसएसपी।
- फोटो : ब्यूरो
पुलिस की नाकामी ने जिले को अपराध के लिए सुगम बना दिया है। सोमवार को आरके पुरम के पास दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर बिस्कुट डिस्ट्रीब्यूटर से 2.77 लाख रुपये लूटकर भाग गए। लूूट की सूचना से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची और शहर में नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
नगर के आरके पुरम निवासी व्यापारी रामअवतार सिंघल एक बिस्कुट कंपनी के डिस्ट्रीब्यूटर हैं। सोमवार सुबह करीब 11.30 बजे व्यापारी अपनी स्कूटी से दुकान देवीपुरा जा रहे थे। घर से करीब 100 मीटर चलने के बाद होटल शिप्रा के पास पहले से घात लगाए खड़े दो बाइक सवार बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उन्हें रोक लिया।
बदमाशों ने स्कूटी की चाबी छीनकर उनकी डिग्गी में रखे 2.77 लाख रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देकर दोनों बदमाश भाग गए। बदमाशों के भागने पर व्यापारी ने शोर भी मचाया, लेकिन तब तक बदमाश निकल गए थे।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। शहरभर में नाकाबंदी कर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया, लेकिन पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा। पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर नगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस की टीम लगा दी गई हैं। खुलासे की जिम्मेदार एसओजी टीम को दी गई है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर लिया जाएगा। - अनीस अहमद अंसारी, एसएसपी