महिला की हत्या कर शव खेत में फेंका
- पुलिस के प्रयासों के बाद भी नहीं हो सकी शिनाख्त
- सिर पर थे गहरे चोट के निशान, गले पर भी मिले निशान
सिकंदराबाद। थाना क्षेत्र के सड़क किनारे खेत में महिला का शव मिला। पुलिस की जांच में महिला की हत्या कर शव फेंके जाने का मामला सामने आया। महिला के सिर में चोट व गले पर निशान थे। सूचना पर एसपी सिटी,सीओ, फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच जांच की। पुलिस के प्रयासों के बाद भी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रख दिया।
कोतवाल गिरीश कुमार कोटिया ने बताया कि नगर के कायस्थवाडा निवासी मेघराज सैनी ने मंगलवार की सुबह पुलिस को खेत में महिला का शव होने की सूचना थी। मेघराज ने बताया कि सवेरे उसका नौकर ग्राम दूधका थाना पाली जनपद अलीगढ़ निवासी जयसिंह गुलावठी रोड स्थित खेत में पानी लगाने के लिए जा रहा था। उसने गुलावठी फ्लाई ओवर से आगे सरकारी नर्सरी के पास खेत में महिला का शव पड़ा देखा। कोतवाल ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच की। महिला के सिर में चोट के गहरे निशान थे। उसके गले पर भी निशान थे। महिला की कहीं ओर हत्या कर शव को यहां फेंका गया है। बताया कि प्रयासों के बाद भी शव की शिनाख्त नहीं होने पर शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया। मेघराज की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन, सीओ आलोक सिंह के अलावा फोरेंसिक टीम ने भी घटना स्थल पर पहुंच जांच पड़ताल की।
मौके पर मिला चाकू,महिला के चप्पल
पुलिस महिला की कहीं और हत्या कर शव को फेंकने की बात कह रही हैं। मगर घटना स्थल से बरामद चाकू, शव से कुछ दूरी पर पड़ा उसका एक चप्पल और दुपट्टा पुलिस की कहानी से पूरी तरह से मेल नहीं खा रहा है।