तीन थानेदारों पर गिरी गाज, सीओ के कार्य क्षेत्र में फेरबदल
बुलंदशहर। एसएसपी ने सोमवार को तीन थानेदारों से चार्ज हटा लिया है, लेकिन अभी तक तीनों ही थानों पर नए थानेदार की तैनाती नहीं की गई है। वहीं क्षेत्राधिकारियों के कार्य क्षेत्र में भी फेेरबदल किया गया है।
बता दें कि एसएसपी मुनीराज जी ने मंगलवार को शिकारपुर कोतवाल किशोरी लाल व डिबाई कोतवाल सुभाष चंद्र सिंह को चार्ज से हटाकर अपराध शाखा में भेज दिया है। साथ ही जहांगीराबाद कोतवाल कुलवीर सिंह को एसएसपी ने लाइन हाजिर कर दिया है। बता दें कि इन थानेदारों की पिछले काफी समय से शिकायतें आ रही थीं। जिसके बाद एसएसपी ने यह कदम उठाया है। वहीं एसएसपी ने सीओ सिकंदराबाद आलोक सिंह को अब सीओ सिटी का प्रभार सौंपा है। इनके स्थान पर सीओ अपराध दीक्षा सिंह को सिकंदराबाद का क्षेत्राधिकारी नियुक्त किया है। सीओ सिटी जगदीश चंद्र को अनूपशहर व सीओ अनूपशहर जितेंद्र सिंह को सीओ आंकिक, सीओ यातायात विक्रम सिंह को सीओ शिकारपुर बनाया है। वहीं सीओ मनीष कुमार यादव को तीन माह के प्रशिक्षण के लिए रवाना कर दिया गया है। बता दें कि शिकारपुर सीओ का गैर जनपद स्थानांतरण हुआ है।