नीरज हत्याकांड का एक आरोपी गिरफ्तार
-- नौ मार्च को हुई थी वारदात, मुख्य आरोपी समेत अन्य की तलाश जारी
अमर उजाला ब्यूरो
पहासू। करीब दो सप्ताह पूर्व युवक की हत्या कर शव क्षेत्र के गांव बाघऊ-अटरेना रजवाहे में फेंके जाने के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों को लोकेशन बता रहा था। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
क्षेत्र के गांव साबितगढ़ स्थित शुगर मिल के निकट बाघऊ-अटरेना रजवाहे में 9 मार्च की देर शाम युवक का शव पड़ा मिला था। मृतक की शिनाख्त क्षेत्र के गांव अल्लीपुर निवासी नीरज (24) पुत्र यादराम के रूप हुई थी। परिजनों के मुताबिक नीरज 8 मार्च को सलेमपुर गन्ना केंद्र से साबितगढ़ शुगर मिल में गन्ना डालने के लिए गया था। दूसरे दिन 9 मार्च की सुबह उसका मोबाइल नंबर स्विच ऑफ मिला था। मृतक के भाई ने दो नामजद समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को पीतमपुर निवासी लाखन पुत्र जीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक वारदात से पूर्व पकड़ा गया लाखन नीरज के साथ था, जो आरोपियों को नीरज की लोकेशन बता रहा था। थाना प्रभारी अखिलेश कुमार ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की गई। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।