चचेरे भाई समेत पत्नी और बहन को मारी गोली
- भाई की मौके पर ही हुई मौत, पत्नी और बहन के हाथ में लगी गोली
- चचेरे भाई और पत्नी के होली खेलने से क्षुब्ध पति ने उठाया खौफनाक कदम
- नई मंडी चौकी के गांव गुठावली में बृहस्पतिवार दोपहर की घटना, आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। पत्नी और चचेरे भाई के होली खेलने से क्षुब्ध युवक ने चचेरे भाई, पत्नी और बहन को गोली मार दी। गोलीकांड में चचेरे भाई की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, आरोपी की पत्नी व बहन घायल हो गईं। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुल्हैंडी पर नई मंडी चौकी क्षेत्र के गांव में हुए गोलीकांड से पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति को नियंत्रण में लिया। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि अवैध संबंधों के चलते वारदात को अंजाम दिया गया है।
देहात कोतवाल दीक्षित कुमार त्यागी ने बताया कि नई मंडी चौकी क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक अमित पड़ोस के ही एक गांव में कपड़े की दुकान करता था। उसका करीब चार वर्ष पूर्व विवाह हुआ था। बताया गया कि अमित को अपनी पत्नी व चचेरे भाई के बीच अवैध संबंधों का शक था। बृहस्पतिवार को भी उसकी पत्नी व चचेरे भाई और परिवार के अन्य लोगों ने एक साथ होली भी खेली थी। बृहस्पतिवार दोपहर को अमित तमंचा लेकर अपने चचेरे भाई के घर जा पहुंचा और उसे गोली मार दी। विरोध करने पर उसने अपनी चचेरी बहन को भी गोली मार दी। इसके बाद अमित अपने घर पहुंचा और दरवाजे पर खड़ी अपनी पत्नी को भी गोली मार दी। गनीमत रही कि आरोपी कि पत्नी व चचेरी बहन को हाथ में गोली लगी थी। जबकि चचेरे भाई को सीने में गोली लगी थी, इस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आननफानन में एसएसपी, एसपी सिटी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि, घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। एसएसपी एन. कोलांचि ने तत्काल मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। देहात कोतवाल ने बताया कि आरोपी युवक अमित को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही आरोपी से हत्या में प्रयुक्त आला कत्ल भी बरामद कर लिया गया है।