रंजिशन बलकटी से मारकर युवक की हत्या
- औरंगाबाद थाना क्षेत्र के गांव लखावटी का मामला
- पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, हथियार बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
औरंगाबाद। गांव लखावटी के जाटव मोहल्ले में बृहस्पतिवार को तालाब में नहाने गये युवक पर पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक ने बलकटी से हमला कर दिया। इससे युवक की मौैत हो गई। आरोपी मृतक का शव तालाब में फेंक भाग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही हत्या में प्रयुक्त बलकटी को भी बरामद कर लिया गया है।
गांव लखावटी निवासी सोनू (33) पुत्र बाबूराम जाटव बुलंदशहर-औरंगाबाद-गढ़मुक्तेश्वर हाइवे स्थित खानपुर मोड़ के निकट टायर पंचर की दुकान कर अपने परिवार को पालन पोषण करता था। बृहस्पतिवार को सोनू होली खेलने के बाद तालाब में नहाने गया था। इस दौरान पड़ोस के एक युवक ने पुरानी रंजिश को लेकर सोनू पर बलकटी से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या की घटना को अंजाम देकर आरोपी ने मृतक के शव को तालाब में डाल दिया। इस दौरान किसी ग्रामीण ने 100 नंबर पर फोन कर मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को तालाब से बाहर निकालकर शव को पोस्टर्माटम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी विमलेश ने आरोपी युवक को नामजद करते हुए थाने में तहरीर दी। मृतका की पत्नी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी दुष्यंत पुत्र धर्मपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया। मृतक ने अपने पीछे तीन लड़की और एक लड़के को छोड़ा है। वहीं, मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आला कत्ल भी बरामद कर लिया है।
--
मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर आरोपी दुष्यंत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या में प्रयुक्त बलकटी भी आरोपी के घर से बरामद कर ली गई है। - अरविंद कुमार सिंह, इंस्पेक्टर औरंगाबाद
--
वाहन से गिराने को लेकर थी रंजिश
औरंगाबाद। कई वर्ष पूर्व बुलंदशहर में बारात की चढ़त कराने के बाद दुष्यंत और उसका भाई महीपाल चौपहिया वाहन से वापस अपने गांव लौट रहे थे। दुष्यंत का भाई शराब के नशे में वाहन से सड़क पर गिर गया था। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। वाहन से नीचे गिराने का आरोप दुष्यंत सोनू पर लगाता था। इसी कारण दुष्यंत सोनू से रंजिश मानता था। वहीं, पुलिस हत्या प्रकरण में गहनता से जांच में जुटी है।
----
फोटो कैप्शन - मृतक सोनू का फाइल फोटो
2- औरंगाबाद के गांव लखावटी में विलाप करते परिजन