नरौरा में युवक ने फेसबुक पर डाली देश विरोधी पोस्ट, रिपोर्ट दर्ज
- हिंदूवादी संगठन के नेताओं की तहरीर पर पुलिस ने की कार्रवाई
- आरोपी फरार, पुलिस तलाश में दे रही दबिश
अमर उजाला ब्यूरो
नरौरा। नगर क्षेत्र में शनिवार देर शाम पुलवामा में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए कैंडल मार्च निकाला गया था। इसके कुछ देर बाद ही एक युवक ने फेसबुक पर देश विरोधी पोस्ट अपडेट कर दी। जिसके बाद भड़के हिंदूवादी संगठनों ने आरोपी युवक के खिलाफ थाने पर तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
नगर निवासी हिंदूवादी संगठन के नेता संजीव चौधरी, परमानंद निषाद, योगेंद्र निषाद व निर्मल कुमार ने पुलिस में दी संयुक्त हस्ताक्षरयुक्त तहरीर में बताया कि पुलवामा के आतंकी हमले में जवानों की शहादत के बाद नगर में शनिवार देर शाम सैकड़ों लोगों ने नगर में कैंडल मार्च कर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी थी। इस कार्यक्रम के लगभग एक घंटे बाद नगर के कलकत्त्ती निवासी युवक अरमान अली ने अपने फेसबुक पर देश विरोधी पोस्ट कर दी। सुबह होते ही नगर क्षेत्र में यह चर्चा फैलने पर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं में रोष फैल गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी युवक की तलाश की, लेकिन वह फरार हो गया। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद, भाजयुमो, एबीवीपी व भाजपा के दर्जनों कार्यकर्ता ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। थाना प्रभारी देवकीनंदन राजपूत ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी अरमान पुत्र मुन्ना के खिलाफ देश द्रोह, राष्ट्रीय ध्वज का अपमान आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। जल्द से जल्द आरोपी को पकड़ कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।