गांव बना छावनी, दहशत और सन्नाटा
बुलंदशहर। चांदपुर-नयागांव बुधवार को पुलिस छावनी में तब्दील नजर आया। चप्पे-चप्पे पर पुलिस का कड़ा पहरा रहा। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर बड़े वाहनों की आवाजाही बंद कर दी थी। गांव में बाजार चौपालों पर लोगों की भीड़ बेहद कम दिखी। सड़कें और गलियां भी सुनसान रहीं। लोग घरों से नहीं निकले। माहौल बिगड़ने की आशंका से खुफिया तंत्र सक्रिय रहा।
सोमवार देर रात हुई वारदात से क्षेत्र में तनाव है। सुबह से ही आरोपी के घर के बाहर पुलिस का कड़ा पहरा नजर आया। पीड़ित परिवार की सुरक्षा के लिए भी जिला पुलिस व प्रशासन मुस्तैद नजर आया। इस दौरान नगर कोतवाल, देहात कोतवाल, सलेमपुर थाना प्रभारी, महिला थाना प्रभारी समेत विभिन्न थानों की पुलिस तैनात रही। गांव में शांति तो रही, लेकिन लोग घरों में दुबके हुए नजर आए। वारदात के बाद से ही क्षेत्र में खुफिया तंत्र सक्रिय हो गया है। बुधवार को भी खुफिया तंत्र पल-पल की जानकारी लेकर लखनऊ अवगत कराता रहा। पुलिस ने गांव में एंट्री करने वाले मार्र्र्ग पर भी बैरिकेड्स लगा दिए हैं।
गांव में फिलहाल शांति का माहौल है। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में फोर्स की तैनाती की गई है। स्थिति नियंत्रण में है। - अतुल कुमार श्रीवास्तव, एसपी सिटी