विवाहिता की गला दबाकर हत्या की कोशिश
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी विवाहिता को गुलावठी निवासी उसके ससुरालीजनों ने अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर मौत के घाट उतारने की कोशिश की। साथ ही आरोप है कि पीड़िता के ससुर ने उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म की भी कोशिश की। पीड़िता की तहरीर पर महिला थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी विवाहिता ने महिला थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी करीब तीन वर्ष पूर्व गुलावठी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक चंद्रकांत पुत्र बलजीत सिंह के साथ हुई थी। शादी में मायके पक्ष ने हैसियत के अनुसार दान दहेज भी दिया था, लेकिन आरोपी ससुरालीजन शादी में मिले दहेज से खुश नहीं थे। वह अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर पीड़िता का उत्पीड़न किया जा रहा था। आरोप है कि बीते दिनों पीड़िता के ससुर ने उसे अकेला देखकर छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म की कोशिश की। पीड़िता के विरोध करने व शोर मचाने पर अन्य लोगों के आने पर आरोपी ने उसे छोड़ दिया। इसके बाद पीड़िता ने इस बाबत अपने परिजनों से भी शिकायत की। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ससुरालीजनों ने गत बीते 12 मई को पीड़िता के साथ जमकर मारपीट की और गला दबाकर उसकी हत्या की कोशिश भी की। आरोपियों ने इसके बाद पीड़िता को मारपीट कर उसके मायके में छोड़ दिया। तभी से पीड़िता के परिजन आरोपी ससुरालीजनाें की मान मनौव्वल कर रहे हैं, लेकिन आरोपी ससुरालीजन अपनी मांगो पर ही डटे हुए हैं। महिला थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर आरोपी पति, सास ससुर समेत अन्य ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।