शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, रिपोर्ट दर्ज
जहांगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवती के साथ शादी का झांसा देकर आठ माह तक दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जहां मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस ने युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी एक युवती ने कोतवाली मे तहरीर देकर बताया कि गुलावठी थाना क्षेत्र के गांव बनबोई निवासी एक युवक से उसकी मुलाकात बुलंदशहर में हुई थी। मुलाकात के बाद से ही पीड़ित युवती लगातार आरोपी युवक के संपर्क में थी। लगभग कुछ माह पूर्व आरोपी युवक ने पीड़ित युवती को मिलने के लिए बुलंदशहर स्थित एक होटल में बुलवाया और उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध भी बनाये। लगातार कई माह तक आरोपी युवक पीड़ित युवती के साथ दुष्कर्म करता रहा। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी नामजद युवक ने शादी की बात कहने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी। आरोपी आये दिन फोन पर भी धमकी दे रहा है । पुलिस ने पीड़ित युवती की नामजद तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित युवती की नामजद तहरीर के आधार पर अशोक पुत्र सुंदरलाल निवासी बनबोई थाना गुलावठी के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल कराने के लिए भेज दिया है।
नरेश कुमार शर्मा, कोतवाली प्रभारी