दिव्यांग से मांगी पांच लाख की रंगदारी
सिकंदराबाद। अज्ञात बदमाश ने दिव्यांग से फोन पर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी। रंगदारी नहीं देने पर परिवार समेत जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर कॉलर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगर के मोहल्ला छासियावाड़ा निवासी विपिन सैनी पुत्र हुकम सैनी ने बताया कि वह दिव्यांग हैं। घर में ही वह कन्फेक्शनरी की दुकान कर परिवार का पालन पोषण करता है। बताया कि शनिवार को उसके मोबाइल पर एक फोन आया। कॉलर ने अपना नाम बताते हुए उससे पांच लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। रंगदारी नहीं देने पर परिवार समेत जान से मारने की धमकी दी। बताया कि धमकी के चलते वह और उसका परिवार भयभीत है। डर की वजह से वह घर से नहीं निकल पा रहे हैं। कोतवाल योगेंद्र सिंह ने बताया कि अज्ञात कॉलर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई। घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।