चालक को नशीला पदार्थ सुंघाकर लूटी ई-रिक्शा
सिकंदराबाद। बदमाशों ने ई-रिक्शा चालक को नशीला पदार्थ सुघांकर ई-रिक्शा लूट लिया। रिक्शा चालक को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। होश में आने पर पीड़ित ने किसी राहगीर के मोबाइल से परिजनों को सूचना दी।
नगर के मोहल्ला रिसालदारान शीशेवाली मस्जिद निवासी सलीम पुत्र शकील ने बताया कि उसके पिता शकील (52वर्ष) ई-रिक्शा चलाते हैं। एक माह पूर्व उन्होंने नया ई-रिक्शा खरीदा था। रविवार को देर शाम तक घर नहीं लौटने पर उन्होंने कोतवाली में गुमशुदगी की तहरीर दी। बताया कि सोमवार की सुबह पिता ने किसी राहगीर से मदद लेकर फोन से जानकारी दी वह सिरोधन रोड पर अर्धबेहोशी हालत में पड़े हुए हैं। सूचना पर वह मौके पर पहुंचे और पिता को घर ले आए। पिता ने बताया कि कुछ लोगों ने उन्हें नशीला पदार्थ सुघांकर ई-रिक्शा, मोबाइल, नगदी लूट ली और सिरोधन रोड के किनारे फेंककर फरार हो गए। बताया कि दो वर्ष पूर्व भी बदमाशों ने उनसे ई-रिक्शा लूटकर ईदगाह के पास पैरों की ओर से आधा जमीन में गाड़ दिया था। कोतवाल योगेंद्र कुमार ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच की जाएगी।