संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता लापता
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में बीते दिनों लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कहीं कोई सुराग नहीं लग सका है। वहीं, मामले में विवाहिता के पिता ने एक नामजद आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर उसके अपहरण का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया कि उसकी 25 वर्षीय विवाहिता पुत्री बीते दिनों ससुराल से मायके में रहने के लिए आई हुई थी। शनिवार दोपहर को उनकी विवाहिता पुत्री घर से बाजार जाने की बात कह कर निकली थी। लेकिन, देर शाम तक भी वह घर पर वापस नहीं लौटी। इस दौरान उसका फोन भी स्विच ऑफ जा रहा था। परिजनों ने विवाहिता की तलाश शुरू कर दी। लेकिन, उसका कहीं कोई सुराग नहीं लग सका है। पीड़ित पिता ने बताया कि इस दौरान उन्हें जानकारी मिली कि उनकी पुत्री को मोहल्ला निवासी युवक प्रवीण उर्फ पुन्ना बहला-फुसलाकर अपहरण कर ले गया है। पीड़ित की शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। नगर कोतवाल नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग का नजर आ रहा है। हालांकि, जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।