दहेज की खातिर महिलाओं से मारपीट
ककोड़/चोला। दहेज की खातिर ककोड़ और चोला में महिलाओं से मारपीट की गई। दोनाें महिलाओं ने ससुरालियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।
ककोड़ में विवाहिता ने अपने पति और देवर पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। नोएडा निवासी विवाहिता ने बताया कि वह गरीब परिवार से है। ढाई वर्ष पूर्व उसकी शादी ककोड़ निवासी युवक के साथ हुई थी। पति एक लाख रुपये नगद, सोने की चेन और अंगूठी की मांग करता है। मांग पूरी नहीं होने पर वह अपने भाई के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट करता है और जान से मारने की धमकी देता है। पुलिस ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं चोला में दहेज में एक लाख रुपये नहीं लाने पर पति ने परिजनों के साथ मिलकर विवाहिता को रॉड से पीट कर घायल कर दिया। थाना खुर्जा देहात के गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि छह वर्ष पूर्व उसने अपनी बेटी की शादी गांगरौल निवासी युवक के साथ की थी। ससुराल वाले दहेज में एक लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर पति ने परिवार के लोगों के साथ मिलकर उसकी बेटी को रॉड से बुरी तरह पीटा। चौकी प्रभारी शैलेंद्र जादौन ने बताया कि पीड़ित का मेडिकल कराया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।