सुरक्षा की गुहार लगाने पहुंचे दंपति पर हमला
बुलंदशहर। एसएसपी दफ्तर के बाहर बृहस्पतिवार को दो पक्षों में जमकर हंगामा हुआ। युवती पक्ष के लोगों ने दंपति के साथ अभद्रता व हाथापाई की और नवविवाहिता को अपने साथ ले जाने की कोशिश की। आरोप है कि बीते दिनों भी आरोपी पक्ष ने दंपति के घर में घुसकर मारपीट व लूटपाट की थी। बृहस्पतिवार को पीड़ित दंपति एसएसपी से गुहार लगाने के लिए आए थे। इसी दौरान आरोपी पक्ष ने हमला कर दिया।
शिकारपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी नवविवाहिता बृहस्पतिवार दोपहर को एसएसपी दफ्तर अपने पति के साथ पहुंची थी। इस दौरान उसने दफ्तर में शिकायती पत्र देकर बताया कि उसने अपनी बहन की मौत के बाद उसके पति से अपनी मर्जी से शादी की है। लेकिन, उसके मायके वाले इस रिश्ते के खिलाफ हैं। आरोपी आए दिन पीड़िता व उसके पति को हत्या की धमकी दे रहे हैं। आरोप है कि बीते दिनों भी आरोपियों ने घर में घुसकर पीड़िता व उसके पति के साथ मारपीट की और नगदी लूट कर फरार हो गए। बृहस्पतिवार को पीड़िता अपने पति के साथ एसएसपी दफ्तर पहुंची थी। इस दौरान उसके मायके पक्ष के कुछ लोग भी पहुंच गए। वह नवविवाहिता को अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगे। देखते ही देखते आरोपी पक्ष ने हमला कर दिया। बीच बचाव के बाद व अन्य लोगों के आने पर आरोपी वहां से चले गए। बताया जा रहा है कि नवविवाहिता की बड़ी बहन ने भी युवक से शादी की थी। लेकिन, बीमारी के चलते उसकी मौत हो गई। जिसके बाद उक्त युवक ने मृतका की दूसरी बहन से शादी कर ली। लेकिन, कुछ दिन पूर्व उसकी भी मौत हो गई। अब तीसरी बहन से शादी कर वह अपने घर ले आया है। इस कारण नवविवाहिता के परिजन इस शादी के खिलाफ हैं। पीड़ित दंपति ने एसएसपी से गुहार लगाई है।