युवती को अगवा कर हत्या की कोशिश का मामला
सिकंदराबाद। युवती को अगवा कर उसकी हत्या करने की कोशिश के मामले में नया मोड़ आ गया है। अब पीड़िता के पिता ने दुष्कर्म के बाद हत्या करने की कोशिश का आरोप लगाया है। पुलिस पीड़िता के बयान, मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कह रही है।
मोहल्ला निवासी युवक ने तहरीर देते हुए बताया था कि शुक्रवार को उसकी गैर मौजूदगी में मोहल्ला निवासी युवक उसकी बेटी को अगवा कर ले गया। शनिवार को बेटी के ग्रेटर नोएडा अस्पताल में भर्ती होने की सूचना पर वह मौके पर पहुंचे। बताया कि बेटी के गले पर गहरे निशान थे। युवक ने मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति पर बेटी की हत्या करने के प्रयास का आरोप लगाया था। मंगलवार को युवक ने आरोप लगाया कि मोहल्ला निवासी युवक ने उसकी बेटी को अगवा करने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। और दुष्कर्म के बाद उसे जान से मारने की कोशिश की। बताया कि बेटी की हालत गंभीर होने के कारण वह अभी भी अस्पताल में भर्ती है। कोतवाल योगेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पीड़िता के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर ही पुलिस अग्रिम कार्रवाई करेगी।