सत्संग जा रही नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म
सिकंदराबाद। नाबालिग छात्रा के साथ गांव के ही युवक ने दुष्कर्म किया। पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। दहशत में आई छात्रा ने दस दिन बाद परिजनों को घटना के बारे में बताया। छात्रा के साथ कोतवाली पहुंचे परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
कोतवाली क्षेत्र निवासी व्यक्ति ने बताया कि वह नोएडा में ई-रिक्शा चलाता हैं। उसकी 15 वर्षीय बेटी कक्षा दस की छात्रा है। गांव से वह टेंपो से पढ़ने के लिए स्कूल जाती है। बताया कि स्कूल आते समय गांव का ही रहने वाला युवक रास्ते में छेड़छाड़ करता था। एक जून को गांव के पास ही सत्संग हो रहा था। पीड़ित किशोरी सत्संग में शामिल होने के लिए जा रही थी, युवक ने उसे रास्ते में रोक लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश में निकले। किशोरी परिजनों को रास्ते में बेहोशी की हालत में मिली। होश में आने पर वह काफी डरी और सहमी हुई थी। परिजनों के काफी समझाने पर वह दस दिन बाद सदमें से बाहर आई और अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया। आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर परिजन सोमवार को छात्रा के साथ कोतवाली पहुंचे और आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। कोतवाल योगेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।