दुष्कर्म के बाद सोशल मीडिया पर वायरल की फोटो-वीडियो
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक किशोरी को बहला फुसलाकर आरोपी ने दुष्कर्म किया और फिर उसकी अश्लील वीडियो व फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। पीड़िता के पिता ने एसपी सिटी को एसएसपी को संबोधित शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। एसपी सिटी ने नगर कोतवाली पुलिस को मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
देहात कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति बृहस्पतिवार को पुलिस कार्यालय पहुंचा। इस दौरान पीड़ित ने एसएसपी को संबोधित शिकायती पत्र एसपी सिटी को देकर बताया कि पूर्व में वह नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में किराए के मकान पर रहता था। मकान के पास ही एक युवक गन्ने के रस की रेहड़ी लगाता था। गन्ने का रस लेने के लिए कभी-कभी उसकी 16 वर्षीय बेटी रेहड़ी पर जाती थी। आरोप है कि बीते दिनों उसकी बेटी गन्ने का रस लेने के लिए रेहड़ी पर गई थी। इसी दौरान आरोपी किशोरी को बहला-फुसलाकर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म कर उसकी अश्लील वीडियो व फोटो ले ली। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने कई बार पीड़िता को वीडियो आदि वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म किया। साथ ही आरोपी ने एक बार अपने दो अन्य साथियों के साथ भी पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म की कोशिश की थी। वहीं, पीड़ित पिता ने बताया कि गत 28 मई को उसके बेटे के फोन पर सोशल मीडिया के माध्यम से बेटी की अश्लील वीडियो व फोटो प्राप्त हुए। जिसके बाद उन्होंने अपनी बेटी से पूछताछ की तो उसने आरोपी युवक पर दबाव बनाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। साथ ही आरोपी ने मामले के बारे में किसी को भी कुछ बताने पर पीड़िता को हत्या की धमकी भी दी थी। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण क्षेत्र में तनाव की स्थिति है। वहीं, एसपी सिटी अतुल कुमार श्रीवास्तव ने मामले में नगर कोतवाली पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।