अलीगढ़ से लौट रहे युवक की संदिग्ध हालत में मौत
नरौरा/रामघाट। रामघाट क्षेत्र में एबी नहर में पेसरी झाल पर नरौरा निवासी एक युवक का शव संदिग्ध हालत में नहर में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने मामले में कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस मामले को दुर्घटना मान रही है।
नरौरा के मोहल्ला उमेशपुरी निवासी राजेंद्र सिंह का पुत्र अजय कुमार अलीगढ़ की एक कंपनी में काम करता है। बाइक से रोजाना अजय कुमार आता-जाता था। सोमवार को शाम करीब आठ बजे अजय कुमार अलीगढ़ से चला था, लेकिन देर रात तक वह घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने जब अजय की तलाश की तो उसका कुछ पता नहीं चल सका। पुलिस ने बताया कि मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने एबी नहर में पेसरी झाल पर पानी में एक शव मिलने की सूचना डायल 100 पर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हेलमेट लगे शव को पानी से बाहर निकाला। तलाशी में मिले कागजात के आधार पर पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दी। पुलिस का मानना है कि अलीगढ़ से आने के दौरान रात के अंधेरे में एबी नहर पुुल की पुलिया से टकरा कर अजय कुमार नहर में गिर गया, और बहकर पेसरी झाल पहुंच गया। इंस्पेक्टर आरके सिंह ने बताया कि बाइक की तलाश कराई जा रही है। एबी नहर को बंद कराया गया है। प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। ब्यूरो