पुलिस अफसर पर गोकश को अभयदान देने का आरोप, पोस्टर चस्पा
खुर्जा। इस्लामाबाद में 21 गोवंशों के अवशेष मिलने के मामले में आरोपी हिस्ट्रीशीटर गोकश आरिफ एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। किसी ने फिर से हिस्ट्रीशीटर गोकश के खिलाफ पोस्टर चस्पा करते हुए जिले के एक तत्कालीन अधिकारी पर एक करोड़ रुपये में जीवनदान देने का आरोप लगाया है। हिस्ट्रीशीटर समेत मामले के अन्य आरोपियों के न पकड़े जाने से सोशल मीडिया पर लोग प्रदेश सरकार को कोस रहे हैं।
नगर स्थित इस्लामाबाद में एक चहारदीवारी के अंदर 21 गोवंशों के अवशेष नवंबर माह में मिले थे। मामले में हिस्ट्रीशीटर आरिफ समेत आठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी। पुलिस ने तीन आरोपियों को तो गिरफ्तार कर लिया, लेकिन अब तक हिस्ट्रीशीटर समेत अन्य आरोपी फरार चल रहे हैं। गिरफ्तारी की समय सीमा समाप्त होने के बाद डुगडुगी बजाकर आरोपियों के घर कुर्की के लिए नोटिस भी चस्पा किया जा चुका है। बावजूद इसके अब तक आरोपी पुलिस के हाथ नहीं आए। कुछ दिन पूर्व आरिफ को पकड़ने के लिए 50 हजार रुपये इनाम देने का नोटिस चस्पा किया गया था। अब मंगलवार को जगह जगह आरोपी हिस्ट्रीशीटर आरिफ के खिलाफ पोस्टर चस्पा किया हुआ पाया गया। पोस्टर में लिखा हुआ था कि एक अधिकारी ने एक करोड़ रुपये लेकर हिस्ट्रीशीटर आरिफ को अभयदान दे दिया। बताया जा रहा है कि हिस्ट्रीशीटर की गिरफ्तारी नहीं होने पर कुछ लोगों ने ऐसा लिख कर पोस्टर चस्पा किया है। गिरफ्तारी न होने से हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं में प्रशासन के खिलाफ भारी रोष है। पोस्टर में आरिफ के न पकड़े जाने पर योगी सरकार को भी जमकर कोसा गया है। क्षेत्रीय विधायक बिजेंद्र सिंह ने बताया कि वह लखनऊ जाकर शीघ्र ही मुख्यमंत्री को प्रकरण से अवगत कराएंगे। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि यदि मामले में किसी भी प्रकार का कोई साक्ष्य हो तो साक्ष्य प्रस्तुत करें, जांच की जाएगी। निराधार तरीके से पोस्टरबाजी करने वाले की पड़ताल कर कार्रवाई की जाएगी।