अश्लील वीडियो पर युवती की फोटो लगाकर किया वायरल
बुलंदशहर। एक युवती की फोटो अश्लील वीडियो पर लगाकर वायरल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
बृहस्पतिवार को नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवती ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि बीते दिनों वह अपनी एक रिश्तेदारी में शामिल होने हापुड़ गई थी। इसके बाद वह वापस अपने घर लौट आई थी। आरोप है कि 25 नवंबर को पीड़िता के व्हाट्सएप नंबर एक अश्लील वीडियो अज्ञात आरोपी द्वारा भेजी गई थी। उक्त वीडियो में पीड़िता की फोटो इस्तेमाल की गई है। पीड़िता की शिकायत पर एएसपी प्रमोद कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर कोतवाल धनंजय मिश्र ने बताया कि मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को दबोच कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। ब्यूरो