सलमान हत्याकांड: अवैध संबंधों की अफवाह उड़ाने पर की गई थी हत्या
बुलंदशहर। देहात कोतवाली की नई मंडी चौकी क्षेत्र के गांव दोहली निवासी युवक सलमान की हत्या का बुधवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। उसके गांव निवासी युवक ने अपने मौसेरे भाई के साथ मिलकर सलमान की हत्या अवैध संबंधों की अफवाह उड़ाने पर की थी। पुलिस ने मौसेरे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। एक अन्य फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
बीते 25 नवंबर को नई मंडी चौकी क्षेत्र के गांव दोहली निवासी कलुआ ने तहरीर देकर अपने पुत्र की हत्या का मामला दर्ज कराया था। इसमें उसने पड़ोसी गांव अढौली निवासी युवक युनूफ उर्फ ईसुफ को नामजद किया था। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी थी। इस दौरान जांच में आरोपी ईसुफ और उसके मौसेरे भाई गांव दोहली निवासी फुरकान का नाम सामने आया था। पुलिस ने बुधवार दोपहर आरोपी ईसुफ को हजरतपुर की पुलिया के पास से दबोच लिया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि सलमान उसकी मौसेरी बहन और उसके बीच अवैध संबंधों की अफवाह उड़ा रहा था। बीते दिनों भी आरोपी ने अफवाह उड़ाई थी। इसके बाद उसने उसकी हत्या की योजना बना ली थी। 24 नवंबर की देर रात सलमान को मौसेरी बहन से फोन करा कर मुमताज के भट्ठे पर बुलाया गया था। वहां ईसुफ और उसके मौसेरे भाई फुरकान ने मिलकर सलमान की ईंटों से कुचलकर हत्या कर दी थी। साथ ही एक फायर किया था, लेकिन गोली सलमान को नहीं लगी थी। पुलिस ने आरोपी के पास से तमंचा व एक बाइक बरामद की है। जबकि, फरार आरोपी फुरकान की तलाश में दबिश दी जा रही है। देहात कोतवाल तपेश्वर सागर ने बताया कि फरार फुरकान को भी जल्द दबोच लिया जाएगा।