बस न रोकी तो फोड़ा शीशा, शिक्षिका जख्मी
औरंगाबाद। बुलंदशहर की ओर से आती प्राईवेट बस को मैथना जगतपुर पर खड़े छात्रों ने रोकने का प्रयास किया। चालक ने बस न रोकी तो गुस्साए छात्रों ने पथराव कर बस शीशा तोड़ डाला, जिसमें शिक्षिका जख्मी हो गई। घायल शिक्षिका को सीएचसी लखावटी में भर्ती कराया। थाना पुलिस ने घटना की जानकारी से इंकार किया है।
बता दें कि खानपुर रोड की प्राईवेट बस मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे बुलंदशहर से औरंगाबाद की ओर आ रही थी। बुलंदशहर-औरंगाबाद-गढ़मुक्तेश्वर हाईवे स्टेट स्थित गांव मैथना जगतपुर पर कुछ छात्र कॉलेज जाने के लिए बस के इंतजार में खड़े हुए थे। बुलंदशहर की ओर से आती बस को छात्रों ने हाथ देकर रुकने का इशारा किया। मगर, बस चालक ने छात्रों की भीड़ को देखकर बस नहीं रोकी। इससे गुस्साए छात्रों ने बस पर पथराव कर दिया, जिसमें बस की शीशा चकनाचूर हो गया। शीशा टूटकर बस में बैठी खुर्जा निवासी शिक्षिका मुर्निसा घायल हो गईं। घायल शिक्षिका को लोगों ने सीएचसी लखावटी में भर्ती कराया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी। पीड़ित शिक्षिका स्याना के इंदिरा गांधी गर्ल्स इंटर कॉलेज में पढ़ाती हैं। इंस्पेक्टर औरंगाबाद अरविंद कुमार सिंह ने घटना की जानकारी से इंकार किया है।