सुमैय्या हत्याकांड : आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भटक रहे परिजन
बुलंदशहर। देहात कोतवाली की चोला चौकी क्षेत्र निवासी विवाहिता की हत्या के मामले में पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप है। पीड़ित परिजनों ने एसएसपी से मामले में न्याय की गुहार लगाई है।
बता दें कि बीते दो अक्तूबर को देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव बिरौड़ी ताजपुर निवासी महिला की मौत हो गई थी। मामले में उसके परिजनों ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया था। बताया गया था कि सुमैय्या की शादी नवंबर 2016 में बिरौड़ी निवासी साजिद पुत्र नजर मोहम्मद के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही आरोपी ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज के रुप में एक लाख रुपये व कार की मांग कर रहे थे। आरोप है कि मांगे पूरी न होने पर ससुराल वालों ने सुमैय्या की हत्या करने की भी धमकी दी। दो अक्तूबर को आरोपियों ने सुमैय्या की हत्या कर शव को सड़क पर फेंक दिया था। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर सात नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी थी। परिजनों का आरोप है कि पुलिस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। पीड़ित परिजनों ने मामले में एसएसपी को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। एसएसपी ने भी उन्हें उचित व निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया है।