दुष्कर्म का आरोपी पुलिस के चंगुल से दूर
बुलंदशहर। महिला उत्पीड़न के मामलों में पुलिस की लापरवाही सामने आ रही है। अश्लील वीडियो बनाकर महिला के साथ दो वर्ष तक दुष्कर्म करने के मामले में जहांगीराबाद पुलिस की जांच चार कदम भी चलती नजर नहीं आ रही है। आरोपी फौजी की न तो अभी तक गिरफ्तारी की जा सकी है न ही तीनों आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कदम अभी तक उठाया गया है।
बीबीनगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बीते दिनों जहांगीराबाद थाने में तहरीर देकर दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें पीड़िता ने बताया था कि पति से विवाद के बाद वह जहांगीराबाद क्षेत्र के एक गांव निवासी अपनी बुआ के घर रह रही थी। करीब तीन वर्ष पूर्व उसकी मुलाकात बुआ के गांव में ही रहने वाले एक युवक से हुई। आरोपी युवक ने पीड़िता को शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण किया और अश्लील वीडियो बनाकर दो वर्ष तक दुष्कर्म किया। आरोपी गगन चौधरी वर्तमान में सेना में मेडिकल कोर में तैनात है। आरोप है कि आरोपी फौजी ने अपने दो रिश्तेदारों के साथ भी पीड़िता को संबंध बनाने के लिए मजबूर किया था। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी, लेकिन अभी तक मामले में आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। जहांगीराबाद थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।