हाजी अलीम कांड : फोरेंसिक रिपोर्ट पर टिकीं अधिकारियों की निगाहें
बुलंदशहर। पूर्व विधायक हाजी अलीम की मौत का रहस्य दिन प्रतिदिन गहराता जा रहा है। पुलिस 48 घंटे बाद भी मामले में उलझी नजर आ रही है। पुलिस मामले में आगरा लैब से फोरेंसिक रिपोर्ट के आने का इंतजार कर रही है। इससे पहले अधिकारी कुछ भी कहने से कतराते नजर आ रहे हैं।
बता दें कि बीते बुधवार सुबह पूर्व सदर विधायक व बसपा के कद्दावर नेता हाजी अलीम का शव उनके बेडरूम में पड़ा मिला था। सिर पर गोली लगने का घाव था और मौके से पुलिस ने दो खोखे, पिस्टल व दो चली हुई बुलेट बरामद की थी। शव मिलने के बाद से ही मामला पेचीदा नजर आ रहा है। कमरे के अंदर दो गोलियां चलाई गईं, जिसमें से एक अलीम के सिर में लगी तो दूसरी दीवार में जा धंसी। लेकिन, गोली चली कैसे? इस बात का जवाब अभी न तो अधिकारी दे पा रहे हैं और न ही कोई अन्य। बृहस्पतिवार को आगरा से आई फोरेंसिक टीम के डिप्टी डायरेक्टर ने भी जांच पड़ताल और पुलिस के साथ रिक्रिएशन भी किया। अब पुलिस मामले में फोरेंसिक रिपोर्ट के आने का इंतजार कर रही है। वहीं, एसएसपी केबी सिंह ने कहा कि मामले में तफ्तीश जारी है। फोरेंसिक रिपोर्ट के आने का इंतजार किया जा रहा है। गोली चली कैसे, इस सवाल का जवाब भी जल्द ही मिल जाएगा।