इसरत हत्याकांड: आरोपी घूम रहे खुलेआम, पीड़ितों को दे रहे हत्या की धमकी
बुलंदशहर। सिकंदराबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला निवासी इसरत हत्याकांड मामले में नामजद आरोपी अभी भी खुलेआम घूम रहे हैं। साथ ही पीड़ित परिजनों को मुकदमा वापस न लेने पर हत्या करने की धमकी दे रहे हैं। मृतक की पत्नी ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
बता दें कि सिकंदराबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला गोकलगंज निवासी गुलशन पत्नी इसरत ने बृहस्पतिवार को एसएसपी को शिकायती पत्र भेजकर बताया कि बीते 13 अगस्त को पीड़िता की पुत्री व पड़ोस में ही रहने वाले एक अन्य व्यक्ति की पुत्री का विवाद हो गया था। जिसकी शिकायत पीड़िता ने अपने पड़ोसी शेरूद्दीन से की थी। इसके बाद आरोपी शेरूद्दीन अपने भाई साबू, अब्दुल रहीम, अब्दुल सलाम के साथ मिलकर पीड़िता के घर में घुस आया था। इसके बाद आरोपियों ने पीड़िता व उसके पति इसरत के साथ अभद्रता करते हुए जमकर मारपीट की थी। गंभीरावस्था में पीड़िता के पति इसरत को जिला अस्पताल से हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया था। जहां, इसरत ने उपचार के दौरान बीते 18 अगस्त को दम तोड़ दिया था। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी थी। आरोप है कि थाना पुलिस ने अभी तक चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। चारों आरोपी मोहल्ले में खुलेआम घूम रहे हैं और पीड़िता व उसके परिजनों को मुकदमा वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी ने उचित व निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।