गैंगरेप के आरोपी के घर कुर्की नोटिस का नोटिस चस्पा
अहार। थाना पुलिस ने करीब एक वर्ष से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी पर इनाम की घोषणा के साथ उसके घर पर कुर्की का नोटिस चस्पा किया है। बता दें कि मामले में दो अन्य आरोपी पूर्व में ही न्यायालय में आत्मसमर्पण कर चुके हैं।
अहार क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़ित व्यक्ति ने 18 सितंबर 2017 को गांव निवासी तीन लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। मामले में पीड़ित ने बताया था कि 18 सितंबर 2017 की शाम को उसकी नाबालिग पुत्री घर से चारा लेने के लिए खेत पर गई थी। इस दौरान गांव निवासी आरोपी पवन, राहुल व कंछिद ने उसकी पुत्री को खेत में खींच कर सामूहिक दुष्कर्म किया था। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी थी। करीब 22 दिन बाद आरोपी पवन व राहुल ने पुलिस को चकमा देकर न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। लेकिन, आरोपी कंछिद तभी से फरार चल रहा था। अहार थाना प्रभारी तेज सिंह यादव ने बताया कि आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी, लेकिन उसका सुराग नहीं लग रहा था। अब आरोपी पर एसएसपी केबी सिंह ने दस हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। साथ ही आरोपी के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत आरोपी के घर पर कुर्की नोटिस भी चस्पा कर दिया गया है।