युवक को थर्ड डिग्री देने में नपे चौकी प्रभारी
औरंगाबाद : खानपुर थाना क्षेत्र के गांव जाड़ौल में चोरी के शक में एक युवक को थर्ड डिग्री देने के मामले में एसएसपी ने चौकी प्रभारी का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण कर दिया है। हालांकि अन्य पुलिसकर्मियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। मामले की जांच सीओ सिटी को सौंपी गई है।
गांव जाड़ौल निवासी भगवान सिंह के घर में हुई लाखों की चोरी के मामले में गुडडू नाम के एक युवक को हिरासत में लेकर चौकी प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने शराब के नशे में घुत होकर पूरी रात उसे थर्ड डिग्री दी थी। हालात बिगड़ने पर उसका 151 में चालान किया था। युवक अब दिल्ली के अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। शुक्रवार को मामला मीडिया में छाया तो बुलंदशहर से लेकर लखनऊ तक हड़कंप मच गया। आनन-फानन में एसएसपी केबी सिंह ने जाड़ौल चौकी प्रभारी सुखदेव सिंह चीमा का जहांगीरपुर थाने के लिये स्थानान्तरण कर दिया। वहीं प्रकरण की जांच सीओ सिटी को सौंप दी। हालांकि दूसरे युवक पुष्पेन्द्र का भी आज तक कोई पता नहीं चल सका है। उसके परिजन काफी चिंतित हैं। घटना को लेकर ग्रामीणों में पुलिस के प्रति कड़ा रोष बना हुआ है। एसएसपी केबी सिंह ने बताया कि जाड़ौल चौकी प्रभारी का स्थानान्तरण कर दिया गया है। मामले की जांच सीओ सिटी को सौंपी गई है। घटना में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।
चौकी प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
किसान सभा और माकपा के जिला सचिव चंद्रपाल सिंह ने जाड़ौल चौकी प्रभारी द्वारा शराब के नशे में धुत होकर दलित युवक को पीटकर अधमरा करने की घटना की निंदा करते हुए जांच कराकर दोषी दरोगा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।