पशु व्यापारी और उसके भतीजे से 65 हजार लूटे
- डीएवी तिराहे के निकट बीते पांच जून को बदमाशों ने की वारदात
- पुलिस ने मौके पर पहुंच की जांच पड़ताल, आरोपियों का नहीं लगा सुराग
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र में डीएवी तिराहे पर पुलिस पिकेट के समीप दो बदमाशों ने बस का इंतजार कर रहे पशु व्यापारी व उसके भतीजे को नशीला पदार्थ सुंघा कर 65 हजार रुपये लूट लिए। होश में आने पर पीड़ितों के शोर मचाने पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की, लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग सका।
नगर के पन्नी नगर निवासी मूलचंद ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि गत 5 जून को वह अपने भतीजे रवि के साथ भैंस खरीदने के लिए बैलोन पैंठ जाने के लिए डीएवी तिराहे पर बस का इंतजार कर रहे थे। उनकी जेब में भैंस खरीद के लिए करीब 65 हजार रुपये रखे हुए थे। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक आया और उनसे बदायूं जाने के लिए रास्ता पूछने लगा, तभी बाइक पर दूसरा युवक भी वहां आ गया। इसी दौरान आरोपियों ने अचानक चाचा-भतीजे को एक रुमाल सुंघा दिया, जिससे वह दोनों वहीं बेहोश होकर गिर पड़े। कुछ देर बाद जब दोनों को होश आया तो उनकी जेब में रखे 65 हजार रुपये गायब थे। पीड़ित ने मामले की जांच कर कार्रवाई की गुहार लगाई है। गौरतलब है कि घटनास्थल के नजदीक ही पुलिस पिकेट तैनात रहती है। इसके बावजूद बदमाशों ने दिन दहाड़े वारदात को अंजाम दे डाला। वहीं नगर कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। नगर कोतवाल धनंजय मिश्र ने बताया कि जांच की जा रही है, जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
------------