नुमाइश में पार्किंग के नाम पर हो रही अवैध वसूली
शिकारपुर। नुमाइश में पार्किंग के नाम पर दबंगों द्वारा अवैध वसूली की जा रही है। नगर पालिका की पूर्व चेयरमैन राजबाला सैनी के पति शिव कुमार सैनी ने शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट और कृषि प्रदर्शनी के प्रभारी हिमांशु गुप्ता से मामले की शिकायत की है। सिटी मजिस्ट्रेट ने तीन सदस्यीय टीम गठित कर मामले की जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
शिकारपुर के मोहल्ला मुफ्ती वाला निवासी शिवकुमार सैनी ने सिटी मजिस्ट्रेट को दिए शिकायत पत्र के माध्यम से बताया कि कृषि प्रदर्शनी प्रशासन की स्वीकृति पर आयोजित की जाती है। कृषि प्रदर्शनी में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से विभिन्न वाहनों से हजारों लोग दोपहर से लेकर रात तक आते हैं। 21 मार्च को वह भी अपनी कार से कृषि संबंधी जानकारी लेने के लिए किसान साथियों के साथ कृषि प्रदर्शनी में गए थे। उसी दौरान अंबेडकर छात्रावास के गेट से पूर्व ही 4 लोगों ने उन्हें रोक लिया। सड़क किनारे काउंटर पर बैठे लोगों ने उन्हें 80 रुपये की छपी हुई रसीद दी। उन्होंने रसीद पर ठेकेदार का नाम व पते की जानकारी मांगी तो उन्होंने दबंगई दिखाते हुए कहा कि हम लोग 20 वर्ष से इस कारोबार को करते आ रहे हैं। आज तक किसी ने हमारे सिंडीकेट से उलझने की कोशिश नहीं की। हमने 7-8 लाख रुपये पहले ही नुमायश कराने वाले अधिकारी को दे दिए हैं। वह रकम आप लोगों से ही तो वसूल होगी। शिव कुमार सैनी ने बताया कि नियमानुसार पार्किंग की रसीद पर संबंधित ठेकेदार का नाम और धनराशि छपी होनी चाहिए। जबकि दबंग लोगों द्वारा बिना ठेकेदार की नाम लिखी पर्ची दी जा रही हैं। इसके अलावा शनिदेव मंदिर की ओर से नुमाइश पुल की ओर आने वाले रास्ते पर भी दबंग लोगों द्वारा अवैध वसूली की जा रही है। उधर, सिटी मजिस्ट्रेट हिमांशु गुप्ता ने बताया कि ईओ, तहसीलदार और कोतवाली प्रभारी को शामिल करते हुए तीन सदस्यीय टीम गठित कर मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।