एक रात में तीन मुठभेड़, नौ बदमाश गिरफ्तार
- जहांगीराबाद पुलिस मुठभेड़ में दबोचे गए तीन शातिर बदमाश
- बाल-बाल बचे इंस्पेक्टर, दो बदमाशों के पैर में लगी गोली
- बुलंदशहर पुलिस ने मुठभेड़ में दो शूटर, एक लुटेरा और एक स्नैचर दबोचा
- औरंगाबाद पुलिस ने भी मुठभेड़ के दौरान दो शातिर वाहन चोर पकड़े
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
जिला पुलिस शुक्रवार देर रात बदमाशों पर कहर बनकर टूटी। पुलिस ने एक के बाद एक विभिन्न स्थानों पर तीन मुठभेड़ में नौ अपराधियों को धर दबोचा है। जहांगीराबाद में हुई मुठभेड़ में दो बदमाश घायल हुए हैं। कोतवाल बुलेट प्रूफ जैकेट पहनने के चलते बाल-बाल बच गए। बुलंदशहर नगर व औरंगाबाद पुलिस ने भी मुठभेड़ में शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
जहांगीराबाद में हुई मुठभेड़, तीन गिरफ्तार
जहांगीराबाद पुलिस ने शुक्रवार देर रात मुठभेड़ के बाद तीन बदमाशों को धर दबोचा। दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जबकि जहांगीराबाद कोतवाल बाल-बाल बच गए। एसपी देहात प्रमाद कुमार तिवारी ने बताया कि जहांगीराबाद थानाध्यक्ष कुलवीर सिंह पंवार शुक्रवार देर रात टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। गांव कारौंजी के निकट ककरई बंबे के पास एक बाइक को आता देख पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया। लेकिन, बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। बदमाशों की गोली सरकारी जीप के बोनट में लगी। बदमाश बाइक को मोड़कर गांव ककरई की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने एक बार फिर टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली थानाध्यक्ष कुलवीर पंवार की बुलेट प्रूफ जैकेट में लगी। पुलिस ने जबावी फायरिंग की तो दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। टीम ने घेराबंदी कर तीनों बदमाशों को दबोच लिया। उनकी पहचान अकरम पुत्र इकराम निवासी मोहल्ला चौधरीवाड़ा सिकंदराबाद, करन सैनी पुत्र जयप्रकाश और अजय पुत्र अशोक शर्मा निवासी छासियावाड़ा सिकंदराबाद के रूप में हुई। पैर में गोली लगने से अकरम और करन घायल हो गए। तलाशी के दौरान बदमाशों के पास से पुलिस ने 34760 रुपये व तीन तमंचे बरामद किए हैं। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि क्षेत्र में स्थित पंजाब नेशनल बैंक के बाहर उन्होंने व्यापारी से 75 हजार रुपये लूटे थे। बताया गया कि पकड़े गए बदमाशों पर जनपद के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं।
बुलंदशहर पुलिस ने दबोचे चार बदमाश
नगर कोतवाल धनंजय मिश्र ने बताया कि शुक्रवार देर रात वह टीम के साथ क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रहे थे। सूचना मिली कि चार बदमाश दो बाइकों पर नीमखेड़ा गांव की ओर से आने वाले हैं। इस पर नीमखेड़ा रोड पर डेरा डाल दिया। इस दौरान दो बाइक आती नजर आईं। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने घेराबंदी कर रात करीब साढ़े 11 बजे चारों बदमाशों को शमशान घाट के निकट से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की शिनाख्त लवली उर्फ हरपाल सरदार पुत्र सुरेंद्र पाल निवासी बी ब्लॉक खजूरी खास थाना खजूरी खास दिल्ली, मुकेश सैनी पुत्र मदनलाल निवासी गांव छापर थाना इंद्री जिला करनाल हरियाणा और पिंटू उर्फ अनुज जाट पुत्र नानक चंद व अमित जाट पुत्र कुंवरपाल निवासी अन्हैड़ा थाना अगौता बुलंदशहर के रुप में हुई। कोतवाल ने बताया कि आरोपी मुकेश व अमित शार्प शूटर हैं, इन पर बुलंदशहर, गाजियाबाद व नोएडा के विभिन्न थानों में हत्या, लूट बलात्कार के दर्जनों मामले दर्ज हैं। आरोपी पिंटू के खिलाफ गाजियाबाद के मसूरी थाने में लूट का मामला पंजीकृत है। वहीं आरोपी लवली चेन स्नैचर है, उसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं। चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
औरंगाबाद पुलिस ने भी दबोचे दो शातिर वाहन चोर
औरंगाबाद थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि शुक्रवार देर रात वह टीम के साथ लखावटी पुलिस चौकी पर बैरियर लगाकर चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान दो बाइकों पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। टीम ने उन्हें रोका तो आरोपी पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने लगे। कुछ दूरी पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों बदमाशों को दबोच लिया, उनकी शिनाख्त फुरकान पुत्र इस्लाम व जावेद पुत्र मुसाबिर निवासीगण गांव हात्माबाद थाना कोतवाली देहात के रुप में हुई। आरोपियों से पुलिस ने दो चोरी की बाइक व अवैध असलहा भी बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। कुछ और इनामी बदमाश रडार पर हैं। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - मुनीराज जी., एसएसपी, बुलंदशहर