खाकी की सुस्त चाल के आगे बदमाश बेलगाम
बुलंदशहर। खाकी की सुस्त कार्रवाई बदमाशों के लिए वरदान साबित हो रही है। जिले में ताबड़तोड़ हो रही वारदातों को रोकना तो दूर पुलिस पुरानी घटनाओं के खुलासे में भी विफल नजर आ रही है। खुर्जा में एक घंटे के भीतर हुई दो लूट की वारदातों ने पुलिस की कलई खोल कर रख दी है।
एक ओर जनपद पुलिस क्राइम कंट्रोल का दंभ रही है वहीं दूसरी ओर जनपदभर में पिछले एक माह के भीतर लूट, हत्या, डकैती, चोरी की वारदातों में इजाफा हुआ है। पुलिस दो एनकाउंटर कर दो डकैतों को ढेर कर चुकी है, दर्जनों इनामी बदमाश पुलिस की गोली लगने के बाद घायल हुए और अब सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं। इसके बावजूद पुलिस जनपद में वारदातों पर रोकथाम पुलिस के काबू में नजर नहीं आ रही है। हाल ही में सिकंदराबाद क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने नगरपालिका ठेकेदार की गोलियों से भूनकर दिनदहाड़े हत्या कर दी थी। पुलिस अभी तक इस वारदात का खुलासा भी नहीं कर सकी है। वहीं दूसरी ओर करीब एक माह पूर्व कोतवाली देहात की नई मंडी चौकी क्षेत्र में 10.45 लाख की लूट और पहासू क्षेत्र में व्यापारी से 4.5 लाख की लूट की वारदात को दिनदहाड़े अंजाम दिया गया, पुलिस अभी तक इन दोनों वारदातों का भी खुलासा नहीं कर सकी है। यही नहीं जनपदभर में हुई चोरी की विभिन्न वारदातों का खुलासा करने में भी जनपद पुलिस के हाथ-पांव फूलते नजर आ रहे हैं। यह सब वारदातें बीते दिनों हुई हैं, इन वारदातों का खुलासा न होने से क्षेत्र के व्यापारियों में भी भारी रोष है तो वहीं पुलिस सुरक्षा के नाम पर केवल खानापूर्ति कर रही है। वहीं खुर्जा नगर क्षेत्र में शनिवार दोपहर को एक घंटे के भीतर बदमाशों ने भरे बाजार में सबसे सर्राफा व्यापारी से लाखों रुपये की लूट की, वहीं कुछ ही देर में पहासू रोड पर ठेकेदार को गोली मारकर ढाई लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दे डाला।