दबंगों ने की किशोरी के साथ गैंगरेप की कोशिश
- अगौता थाना क्षेत्र के एक गांव की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। अगौता थाना क्षेत्र के गांव निवासी किशोरी के साथ गांव के दबंग युवकों ने खेत में खींचकर गैंगरेप की कोशिश की। पीड़िता के विरोध करने पर आरोपी मारपीट कर भाग निकले। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध नजर आ रहा है।
थाना क्षेत्र के गांव निवासी पीड़ित परिजनों ने जिला अस्पताल पहुंचकर बताया कि उनकी 16 वर्षीय पुत्री शुक्रवार सुबह खेत पर गोबर डालने के लिए गई थी। वहां पहले से ही गांव निवासी चार दबंग युवक घात लगाए बैठे। आरोपियों ने किशोरी को अकेला पाकर खेत में दबोच लिया और छेड़छाड़ करते हुए उसके साथ गैंगरेप की कोशिश की। पीड़िता के शोर मचाने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट कर भाग निकले। पीड़िता की शिकायत पर थाना पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं एसओ अगौता सुभाष सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, प्रारंभिक जांच के दौरान मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।