फाइनेंस कंपनी के संचालकों पर लगाया एक करोड़ की ठगी का आरोप
सिकंदराबाद। फाइनेंस कंपनी के एजेंटों ने कंपनी संचालकों पर लोगों के एक करोड़ रुपये ठगने का आरोप लगाया है। एजेंटों ने संचालकों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई और उनकी संपत्ति जब्त कर ग्राहकों का रुपया वापस लौटाने की मांग की है।
धन सिंह समकोलिया, सुखबीर, पूनम आदि ने बताया कि वह सिकंदराबाद में खुर्जा बस स्टैंड स्थित फाइनेंस कंपनी में एजेंट के रूप में कार्य करते थे। उक्त कंपनी तीन कंपनियों की साझा कंपनी थी। बताया कि कंपनी की विभिन्न स्कीमों में उन्होंने लोगों से आरडी, एफडी के रूप में एक करोड़ रुपये जमा कराए थे। बताया कि मार्च 2015 में कंपनी संचालक सिकंदराबाद स्थित ऑफिस बंद कर चले गए। बताया कि जब शशि गार्डन मयूर विहार दिल्ली स्थित हेड ऑफिस में संपर्क किया गया तो वह भी बंद मिला। ग्राहकों के रुपये वापस लौटाने की मांग पर कंपनी संचालक एजेंटों को झूठा दिलासा देते रहे। रुपये वापस नहीं मिलने पर लोग उनके घरों के चक्कर लगा रहे हैं और उनके साथ अभद्रता कर रहे हैं। जिसके चलते एजेंटों का जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बताया कि मानसिक तनाव में आने के कारण एजेंट अशोक की मृत्यु हो चुकी है। बताया कि कंपनी संचालकों ने जनता के रुपयों से अन्य जिलों में प्रॉपर्टी खरीद ली है। एजेंटों से कंपनी संचालकों की संपत्ति की जांच कर जब्त किए जाने, संपत्ति को बेचकर ग्राहकों के रुपये वापस करने, आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। कोतवाल अवनीश कुमार गौतम ने बताया कि मामले की जांच कर जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो