संदिग्ध परिस्थितियों में युवक के सिर में लगी गोली, मौत
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवक के सिर में शनिवार सुबह घर पर ही संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लग गई। इससे युवक की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर घर के बाहर बने चबूतरे से एक तमंचा भी बरामद कर लिया है।
नगर के मोहल्ला सरायधारी में हाजी सलीम अपने परिवार के साथ रहते हैं। साथ ही उनका 20 वर्षीय पुत्र नईम भी रहता था। शनिवार सुबह घर के बाहरी हिस्से में गोली चलने की आवाज आई। उसके बाद परिजन बाहर आए तो घर के अंदर से बाहर तक खून पड़ा हुआ था। साथ ही सलीम का पुत्र नईम लहूलुहान अवस्था में घर के बाहर अचेत पड़ा था। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि नईम के सिर में गोली लगी थी। गोली किसने चलाई अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। दूसरी ओर सूचना मिलने पर नगर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घर के बाहर बने चबूृतरे से एक तमंचा बरामद कर लिया। नगर कोतवाल धनंजय मिश्र ने बताया कि युवक के सिर में गोली लगने से मौत हुई है। गोली उसने खुद चलाई थी या फिर किसी और ने मारी है। इस बाबत अभी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।