शादी का झांसा देकर युवती के साथ रेप
- पीड़िता ने नोएडा निवासी युवक के खिलाफ एसएसपी से की शिकायत
- आरोप, एक शादी में हुई थी मुलाकात, एक साल से दे रहा था शादी का झांसा
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवती को करीब एक साल तक नोएडा निवासी युवक शादी का झांसा देकर रेप करता रहा। पीड़िता ने अब एसएसपी को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता ने एसएसपी को दिए पत्र में बताया कि 25 अक्तूबर 2016 को वह अपने एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए सिकंदराबाद गई हुई थी। वहां उसकी मुलाकात नोएडा निवासी एक युवक से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच हुई दोस्ती प्यार में तब्दील हो गई। आरोप है कि युवक ने उसे शादी का झांसा दिया और अपने साथ पहले दिल्ली ले गया। जहां दोनों करीब चार माह तक रहे। इस दौरान युवक ने जल्द शादी की बात कह कर उसके साथ संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी युवती को लेकर अपने साथ मध्यप्रदेश के भोपाल चला गया। आरोपी भोपाल स्थित एक कंपनी में नौकरी करता था। आरोप है कि गत माह जब पीड़िता ने युवक से शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और उसे ट्रेन से दिल्ली छोड़कर चला गया। पीड़िता जैसे-तैसे अपने घर पहुंची और आपबीती बताई। परिजनों ने भी युवक से काफी मान मनौव्वल की, लेकिन युवक शादी के लिए राजी नहीं हुआ। पीड़िता ने एसएसपी से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।