... इधर रुपये लेकर सीज बाइक छोड़ने का आरोप
- पुलिस कर रही जांच की बात
बुलंदशहर। जनपद पुलिस का एक और कारनामा पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। सोमवार सुबह कालाआम चौराहे पर एक युवक की बाइक सीज कर पुलिस ने कोतवाली भेज दी। आरोप है कि बाद में एक सिपाही ने आठ सौ रुपये में सीज की गई बाइक को बिना कोई कागजी कार्रवाई किए छोड़ दिया। मामला उजागर होने पर थाना पुलिस अब जांच करने की बात कह रही है।
सोमवार को काला आम चौराहे के निकट चेकिंग कर रही पुलिस ने एक बाइक को सीज कर उसे कोतवाली भिजवा दिया। नगर क्षेत्र के मोहल्ला शांतिनगर निवासी एक युवक बाइक को चला रहा था। युवक ने मामले की जानकारी अपने पिता को दी। इसके बाद पिता नगर कोतवाली पहुंचा और एक सिपाही से बाइक छोड़ने के संबंध में बात की। सिपाही ने सीज की गई बाइक को छोड़ने के एवज में आठ सौ रुपये की मांग की। जिस पर उक्त व्यक्ति ने आठ सौ रुपये सिपाही को दिए और सीज की गई बाइक को अपने साथ लेकर घर चला गया। उक्त व्यक्ति ने मामले की जानकारी अपने पड़ोसियों को दी तो कुछ लोगों ने उन्हें बताया कि सीज की गई बाइक थाने से नहीं बल्कि कोर्ट से रिलीज होती है। अगर उसने बाइक वापस नहीं की तो उन पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। इसी बीच थाने से बाइक गायब होने पर पुलिस में हड़कंप मच गया। इसी दौरान उक्त व्यक्ति बाइक को लेकर वापस कोतवाली पहुंच गया। अन्य पुलिसकर्मियों ने जब उससे बाइक ले जाने के बारे में पूछा तो उसने पूरा प्रकरण उन्हें बता दिया। मामला नगर कोतवाल के संज्ञान में आने के बाद उक्त आरोपी सिपाही व युवक के पिता के बीच आमना-सामना कराया गया। जिस पर सिपाही ने भी आठ सौ रुपये में सीज बाइक को छोड़ने की हामी भर ली। नगर कोतवाल धनंजय मिश्र ने बताया कि मामला संज्ञान में है। मामले की जांच कराई जा रही है, जांच के बाद आरोपी सिपाही पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।