परिजनों ने एसएसपी से की सीबीसीआईडी जांच की मांग
- नरसलघाट चौकी प्रभारी के कथित खुदकुशी का मामला
- पत्नी समेत तीन पर दर्ज हो चुकी है हत्या की रिपोर्ट
- परिजनों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की
बुलंदशहर। नरसल घाट चौकी पर तैनात इंचार्ज के गोली मारकर खुदकुशी करने के मामले में परिजनों ने घटना की सीबीसीआईडी जांच कराने की मांग एसएसपी से की है। साथ ही पत्नी समेत तीनों आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की भी मांग की है। परिजनों ने कहा कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो वह भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे।
गौरतलब हैे कि एक सप्ताह पूर्व नरसल घाट चौकी इंचार्ज ने हरि इंक्लेव स्थित किराए के मकान में गोली मारकर खुदकुशी कर ली थी। इस मामले में मृतक के भाई अनूप कुमार ने अपनी भाभी, भाभी की मां समेत तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सोमवार को मृतक प्रदीप कुमार के भाई अनूप, उनकी मां कमला देवी समेत काफी संख्या में परिजन एसएसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एसएसपी से घटना की सीबीसीआईडी जांच कराने की मांग की। साथ ही तीनों आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। एसएसपी ने परिजनों को मामले में कार्रवाई करने के लिए कुछ दिन का समय मांगा है। एसएसपी से मिलने के बाद परिजन घटना स्थल हरि इंक्लेव पहुंचे, जहां मृतक प्रदीप कुमार किराए के मकान में रह रहे थे।
छलक पड़ा मां का दर्द
मृतक बेटे प्रदीप की बीती बातों को याद कर मां का दर्द आंसुओं के साथ छलक पड़ा। उन्होंने कहा कि पत्नी हमेशा अलग रहने का दबाव बनाती थी। पत्नी के व्यवहार से वह काफी परेशान चल रहा था, लेकिन कभी उसने अपनी परेशानी हमें नहीं बताई। मां ने बताया कि मेरे बेटे ने आज तक किसी का दिल नहीं दुखाया था। दोस्त, रिश्तेदार सभी उसे प्यार करते थे।
वहीं मृतक प्रदीप के भाई अनूप ने कहा कि वह अपने भाई के गुनाहगारों को किसी भी हाल में नहीं छोड़ेंगे। चाहे इसके लिए कुछ भी करना पड़े। उन्होंने कहा एसएसपी से कार्रवाई की मांग के बाद उन्होंने आश्वासन दिया है। अगर कार्रवाई नहीं हुई तो वह भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे।