वीजा बनवाने के नाम पर 28 हजार की ठगी
- आरोपी ने धोखा देकर खाते में दो बार डलवाए थे रुपये
- पीड़ित ने नगर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ दर्ज कराई एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो।
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला देवीपुरा में रहने वाले एक युवक से वीजा बनवाने के नाम पर करीब 28 हजार रुपये हड़प लिए। बार-बार फोन करने पर आरोपी ने फोन रिसीव नहीं किया तो व्यक्ति को ठगी का अहसास हुआ। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला देवीपुरा प्रथम निवासी मनोज कुमार पुत्र समय सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 12वीं पास है। उसने बताया कि उसे सिंगापुर जाना था इसलिए उसने तमिलनाडू निवासी एलेक्जेंडर को वीजा बनवाने के लिए पांच अगस्त को इंडियन ओवरसीज बैंक की उसके खाते में 11,900 रुपये जमा किए। उसके बाद छह अगस्त को वेस्टर्न यूनियन सिविल लाइन बैंक बुलंदशहर में 15,920 रुपये जमा किए थे। इस तरह उसने कुल 27,820 रुपये एकाउंट में जमा किए, लेकिन एलेक्जेंडर के फोन पर जब संपर्क करने की कोशिश की गई तो उसने कॉल रिसीव नहीं की। बार-बार फोन करने पर भी जब उसने फोन नहीं उठाया तो मनोज को ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है। नगर कोतवाल धनंजय मिश्र ने बताया कि तमिलनाडू निवासी एलेक्जेंडर के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।