गैंगरेप पीड़िता से महिला सिपाही ने ऐंठ लिए 500, अब हजार की दरकार
गैंगरेप के बाद गर्भवती हुई किशोरी के मामले में पुलिस पर इंसानियत को शर्मसार करने वाला आरोप लगा है। पीड़िता का आरोप है कि मेडिकल कराने को साथ लेकर आने वाली महिला कांस्टेबल ने उनसे 500 रुपये ऐंठ लिए।
अब वह एक हजार रुपये की और मांग कर रही है। 11 जुलाई से अब तक पुलिस पीड़िता का मेडिकल नहीं करा पाई है। तीन दिन तक पुलिस लगातार उसे महिला अस्पताल लेकर आई और बिना मेडिकल कराए ही लौटाकर ले गई। सोमवार को पीड़िता ने एसएसपी से मामले की शिकायत करते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसकी 14 वर्षीय बेटी गांव के ही स्कूल में कक्षा सात की छात्रा है। वह पड़ोस के घर में घरेलू कार्य करने के लिए जाती थी। सात जुलाई को बेटी की अचानक हालत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
जहां चिकित्सकों ने उसके सात माह के गर्भवती होने की पुष्टि की थी। आठ जुलाई को उसने घर पर ही एक बच्चे को जन्म दिया, जिसकी दो घंटे बाद मौत हो गई। पूछने पर बेटी ने बताया कि पड़ोस के जिस घर में वह काम करने के लिए जाती थी।
उसी घर के दो सगे भाइयों ने तमंचे के बल पर आतंकित कर उसके साथ रेप किया। दोनों भाइयों ने उसे डरा धमकाकर उसके साथ कई बार रेप की वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित परिवार के नामजद तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने नाबालिग से गैंगरेप जैसे जघन्य अपराध में तीन दिन तक कार्रवाई नहीं की थी। मामला जब मीडिया में उछला तो पुलिस ने चार दिन बाद 11 जुलाई को अधिकारियों के आदेश पर दो सगे भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
रिपोर्ट दर्ज करने के 6 दिन बाद भी पुलिस पीड़िता का मेडिकल नहीं करा सकी। पीड़िता का आरोप है कि महिला कांस्टेबल ने उसके माता-पिता से 500 रुपये ऐंठ लिए और अब एक हजार रुपये की मांग कर रही है।
बावजूद इसके तीन दिन तक महिला अस्पताल के चक्कर लगवाने के बाद भी मेडिकल नहीं कराया है। विवेचक बिजेंद्र कुमार का कहना है कि 15 जुलाई को पीड़िता ने उन्हें शपथ पत्र देकर मेडिकल कराने से मना कर दिया, जबकि सोमवार को पीड़ित परिवार एसएसपी से मिला और किसी तरह का शपथ पत्र देने से इनकार कर दिया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता ने यदि लिखकर नहीं दिया है तो मेडिकल कराया जाएगा। महिला कांस्टेबल पर लगे आरोपों की भी जांच की कराई जाएगी। किसी भी कीमत पर दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। - मुनिराज जी. एसएसपी