ससुर ने पुत्रवधू के मायके में मचाया उत्पात
चौकी क्षेत्र के एक गांव की युवती को गांव के ही सहजातीय युवक से प्रेम विवाह करना भारी पड़ गया। दस माह बाद जब उसकी पोल खुली तो ससुर ने पुत्रवधू के मायके में आकर परिजनों के साथ मारपीट की और पथराव किया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामले को संभाला। युवती ने पुलिस को तहरीर देकर ससुर की कैद से पति को मुक्त कराने की मांग की है। 20 वर्षीय युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका गांव निवासी सहजातीय युवक से पिछले कई सालों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था।
10 माह पहले परिजनों को बिना बताए कोर्ट मैरिज कर ली थी। तब से दोनों छिप-छिपकर मिलते थे। युवती की बड़ी बहन भी सिकंदराबाद में रहती है। युवती दिन में पति के साथ रहती थी और रात में बहन के साथ रहती थी।
दोनों ने अपनी शादी की बात किसी को नहीं बताई थी। वर्तमान में दोनों अपने गांव आए हुए थे। रविवार को मामले की जानकारी जैसे ही युवक के पिता को हुई तो वह अपने परिजनों के साथ युवती के घर पहुंच गया। वहां युवती के साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोपी उस युवती से कोर्ट मैरिज का रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र मांगने लगे। युवती को बचाने आए उसके परिजनों को कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद युवती के घर पर पथराव कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जैसे-तैसे स्थिति को संभाला।
पीड़ित युवती ने आरोपी ससुर व उसके परिजनों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। युवती ने अपने पति को आरोपी के चंगुल से भी छुड़ाने की मांग की है। एसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।