घर में घुसकर दबंगों ने परिवार पर किया जानलेवा हमला
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव वलीपुरा के एक व्यक्ति ने न्यायालय के आदेश पर दो महिलाओं समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि घर में घुसकर आरोपियों ने जानलेवा हमला कर पीड़ित परिवार के सदस्याें को घायल कर दिया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव वलीपुरा निवासी मनोज पुत्र प्रेम सिंह ने बताया कि गत तीन फरवरी की रात को आरोपी पवन कुमार पुत्र रविंद्र सिंह, मनीष पुत्र रविंद्र सिंह, रविंद्र पुत्र दुर्जन सिंह, गुलाबो पत्नी मोहन, विजय देवी पत्नी रविंद्र सिंह एवं मोहन सिंह पुत्र रामदयाल सिंह उनके घर में घुस आए। इस दौरान आरोपियों ने परिजनों के साथ अभद्रता करनी शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने परिजनों के साथ मारपीट की। जानलेवा हमले में वादी के परिजन गंभीर रुप से घायल हो गए। इस दौरान आरोपियों ने पीड़ित पक्ष को जान से मारने की धमकी भी दी। आरोप है कि उसी दौरान तहरीर देने के बावजूद नगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। जिसके बाद पीड़ित पक्ष को न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। वहीं, अब नगर कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। ब्यूरो